Lover-couple safe house, family badly attacked with sticks, 4 people injured | लड़की के परिवार ने लाठी-डंडों से पीटा; पिता गंभीर घायल और मम्मी-बहन को आई चोटें; प्रेमी जोड़ा सेफ हाउस में
रेवाड़ी9 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

ट्रॉमा सेंटर में भर्ती घायल।
रेवाड़ी जिले में एक युवक ने अपने ही पड़ोस में रहने वाली लड़की से लव मैरिज कर ली। इस शादी की कीमत लड़के के परिवार को चुकानी पड़ी। लड़के के परिवार पर सोमवार सुबह लाठी-डंडों से हमला हुआ। हमले में लड़के के पिता बुरी तरह घायल हो गए वहीं मां, चाचा-चाची व बहन को भी चोटें आई। घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार ने हमले का आरोप लड़की के परिवार पर लगाया। पुलिस जांच में जुटी है।
शहर के संघी का बास मोहल्ले में रहने वाले चिराग ने 8 अक्टूबर को अपने ही मोहल्ले की एक लड़की से लव मैरिज कर ली। चिराग के परिवार के अनुसार, इस शादी से लड़की का परिवार खफा है इसलिए जान को खतरा बताते हुए वह दोनों कोर्ट से सुरक्षा लेकर सेफ हाउस में रह रहे हैं।

ट्रॉमा सेंटर में भर्ती घायल।
चिराग की बहन चित्रा ने बताया कि सोमवार सुबह वह अपने घर पर ही थी। तभी लड़की का भाई योगेश 8-10 लोगों के साथ उनके घर आ धमका और उनके पिता अमर सिंह पर हमला कर दिया। वह और उसकी मां रेखा बचाव में आईं तो उन्हें भी पीटा। चाचा संजय व चाची रजनी को भी चोट मारी। तकरीबन 20 मिनट तक खूब हंगामा हुआ। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। इससे पहले 8 अक्टूबर को ही चिराग के दोस्त गौरव पर भी इसी तरह हमला कर उसके हाथ-पैर तोड़ दिए गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर थाना के अंर्तगत आने वाली गोकल गेट पुलिस चौकी इंचार्ज शीशराम का कहना है कि चिराग और उसकी पत्नी कोर्ट के आदेश के बाद सेफ हाउस में हैं। सोमवार सुबह दोनों पक्षों का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पक्ष की तरफ से शिकायत मिली है, जबकि दूसरे पक्ष की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली। मामले में कार्रवाई की जा रही है।